दक्षिण दिल्ली के पब से शुरू हुई इंस्टाग्राम पोस्ट वाली बात एयरोसिटी के एक होटल तक पहुंच गई. इस बात को लेकर कुछ दोस्तों के बीच न केवल जमकर मारपीट हुई, बल्कि होटल के कमरे में जमकर तोड़फोड़ भी की गई. वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी दोस्त मौके से फरार हो गए. वहीं पीडितों की शिकायत पर इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी युवकों की तलाश शुरू कर दी है.
पुलिस को दी अपनी शिकायत में गुरुग्राम निवासी इतेंद्र ने बताया कि लखनऊ से आए उसके दोस्त संदीप सिंह, अभिषेक सिंह और निशित सिंह एयरोसिटी के होटल अंदाज में ठहरे हुए थे. 28 फरवरी की शाम वह अर्पित शर्मा, आशीष शोकीन, अजय मलिक, राज शर्मा, हरकिरण कौर, मुस्कान, कनक और मेघा के साथ अपने दोस्तों से मिलने के लिए अंदाज होटल पहुंचा था. दोस्तों से मिलने के बाद सभी लोग वसंत कुंज के स्क्वायर मॉल स्थित नव्वोस पब में पार्टी करने चले गए.